महिला दिवस पर सीएम योगी का सख्त संदेश: बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को धरती पर जगह नहीं मिलेगी
- ब्यूरो

- 1 दिन पहले
- 1 मिनट पठन

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित रोजगार महाकुंभ 2026 को संबोधित करते हुए बेटियों की सुरक्षा और सशक्तिकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेटियों में अपार आत्मविश्वास होता है और उन्हें आगे बढ़ने के लिए समान अवसर मिलना जरूरी है, जिसके लिए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब कानून का राज है और बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई शोहदा बेटियों से अभद्रता करता है तो चौराहे पर “यमराज के दूत” उसका हिसाब करने के लिए तैयार बैठे हैं।
उन्होंने बताया कि सरकार की कन्या सुमंगला योजना के तहत प्रदेश की करीब 27 लाख बेटियां लाभान्वित हो रही हैं। अब बेटियां किसी पर बोझ नहीं हैं। बेटी के जन्म के साथ ही उसका नाम दर्ज होते ही उसके खाते में आर्थिक सहायता पहुंचनी शुरू हो जाती है, जिससे वह भविष्य में आत्मनिर्भर बन सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बेटियों को शिक्षा, रोजगार और विकास के समान अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 1947 से 2017 तक उत्तर प्रदेश पुलिस में महिला कर्मियों की संख्या लगभग 10 हजार थी, जो अब बढ़कर 44 हजार से अधिक हो गई है।
अंत में मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को पढ़ाएं और उन्हें आगे बढ़ने का पूरा अवसर दें, क्योंकि शिक्षित और आत्मनिर्भर बेटियां ही समाज और देश के विकास की मजबूत आधारशिला हैं।





टिप्पणियां