मोबाइल में छिपा आतंकी ब्लूप्रिंट: लखनऊ हमले की पूरी साजिश ATS के हाथ, रिमांड में खुलेंगे बड़े राज
- संवाददाता

- 13 घंटे पहले
- 1 मिनट पठन

राजधानी लखनऊ में पकड़े गए संदिग्ध आतंकियों के मोबाइल फोन से चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। उत्तर प्रदेश एटीएस को आरोपियों के फोन से कई ऑडियो क्लिप्स मिली हैं, जिनमें पाकिस्तानी हैंडलर्स द्वारा हमले की पूरी साजिश और मूवमेंट का ब्लूप्रिंट भेजा गया था। इन क्लिप्स में यह तक निर्देश दिए गए थे कि विस्फोट के बाद मची अफरा-तफरी और संभावित नरसंहार के वीडियो बनाकर भेजे जाएं।
जांच में सामने आया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए हैंडलर्स लगातार संपर्क में थे और ऑडियो रिकॉर्डिंग के माध्यम से रेकी, टारगेट और हमले के तरीके तक की जानकारी दी जा रही थी। एटीएस इन मोबाइल फोनों की फॉरेंसिक जांच भी करवा रही है, जिससे कई अहम सबूत हाथ लगे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, पहली बड़ी वारदात लखनऊ में करने की साजिश थी, जिसके बाद अलीगढ़, गाजियाबाद समेत कई अन्य शहर और धार्मिक स्थल भी निशाने पर थे। आरोपी साकिब ने हैंडलर्स से मिली रकम अपने और साथियों के खातों में ट्रांसफर कराई थी। अब जांच एजेंसी सभी बैंक खातों का ब्योरा खंगाल रही है, ताकि पूरे नेटवर्क और फंडिंग का पता लगाया जा सके।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कई बार लखनऊ आ चुके थे और उन्हें रेलवे स्टेशन पर शाम के समय ज्यादा भीड़ होने की जानकारी थी। इसी भीड़ को निशाना बनाकर ब्लास्ट की योजना बनाई गई थी। फिलहाल एटीएस को कोर्ट से मिली रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और उम्मीद है कि इस आतंकी मॉड्यूल से जुड़े कई और बड़े खुलासे सामने आएंगे।





टिप्पणियां