top of page

यूपी के मौसम में बदलाव के संकेत, कई जिलों में बारिश व ओलावृष्टि की संभावना

  • लेखक की तस्वीर: ब्यूरो
    ब्यूरो
  • 3 अप्रैल
  • 1 मिनट पठन

उत्तर प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। जहां एक ओर दिन में तेज धूप और भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, वहीं दूसरी ओर कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जिससे आने वाले दिनों में तपिश से राहत मिल सकती है।


मौसम विभाग के अनुसार नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी यूपी के कई जिलों में मौसम बदलने वाला है। सहारनपुर, शामली, मेरठ, नोएडा समेत करीब 18 जिलों में तेज हवा के साथ गरज-चमक और बूंदाबांदी के आसार हैं। शुक्रवार और शनिवार के बीच कई इलाकों में वज्रपात और ओले गिरने की भी संभावना है, जबकि करीब 11 जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।


इससे पहले बृहस्पतिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन भर तेज धूप रही और गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। बुंदेलखंड के बांदा में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि प्रयागराज में 40 डिग्री, वाराणसी और हमीरपुर में 39.5 डिग्री तथा कानपुर में 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।


आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक शुक्रवार से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के साथ पश्चिमी यूपी में बारिश का दौर शुरू होगा, जो शनिवार तक पूर्वी यूपी तक पहुंच सकता है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कई स्थानों पर ओले गिरने की भी संभावना है।


मौसम विभाग ने बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, बिजनौर, अमरोहा, झांसी, महोबा, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर और ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह दी है।

टिप्पणियां


Join our mailing list

bottom of page