top of page

UP Weather Alert: आज से आंधी-तूफान का दौर, पश्चिमी यूपी में ओले-बारिश की चेतावनी; तापमान में आएगी बड़ी गिरावट

  • लेखक की तस्वीर: ब्यूरो
    ब्यूरो
  • 4 घंटे पहले
  • 1 मिनट पठन

उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 7 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में आंधी-तूफान और बारिश का नया दौर शुरू होगा, जिसका सबसे ज्यादा असर पश्चिमी यूपी में देखने को मिलेगा। मंगलवार शाम से ही कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।


मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 8 अप्रैल को इसका व्यापक असर पूरे प्रदेश में दिखेगा, जिससे तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। हालांकि इससे पहले अगले 48 घंटों में हल्की बढ़ोतरी के बाद अचानक गिरावट दर्ज की जाएगी। मथुरा समेत कुछ जिलों में सोमवार को हल्की बारिश भी दर्ज की गई, जो बदलते मौसम का संकेत है।


पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन और आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। वहीं प्रदेश के अन्य हिस्सों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं और मेघगर्जन हो सकता है।


सोमवार को जालौन के उरई में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि प्रयागराज, वाराणसी और आसपास के जिलों में भी तापमान 35 से 36 डिग्री के बीच रहा। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।

टिप्पणियां


Join our mailing list

bottom of page