top of page

उत्तर प्रदेश में थमा मानसून, 21 अगस्त तक उमस भरी गर्मी से राहत नहीं; मौसम विभाग ने दी चेतावनी

  • लेखक की तस्वीर: संवाददाता
    संवाददाता
  • 18 अग॰
  • 2 मिनट पठन

ree

उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों से मानसूनी बरसात की रफ्तार थम गई है। इक्का-दुक्का इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के अलावा प्रदेश में फिलहाल 21 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना नहीं है। लगातार कई दिनों तक हुई बरसात के बाद मौसम सुहावना हो गया था, लेकिन अब कड़ी धूप और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हवा में नमी और बढ़ते तापमान की वजह से हीट इंडेक्स ऊपर जा रहा है, जिससे वास्तविक से कहीं अधिक गर्मी का अहसास हो रहा है।

तेज धूप के चलते दिन और रात दोनों में तापमान बढ़ा है। रविवार को उरई प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहाँ पारा 36.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा है। इसी तरह वाराणसी, हमीरपुर, कानपुर, बहराइच और सुल्तानपुर में भी तापमान 35 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार मानसून की कमजोरी के चलते पूर्वी और पश्चिमी यूपी में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश की कोई संभावना नहीं है। केवल पश्चिमी तराई क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की फुहारें पड़ सकती हैं। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून फिलहाल अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर खिसक गया है। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र आंध्र प्रदेश-ओडिशा तट पार कर चुका है। विभाग का अनुमान है कि 21 अगस्त के आसपास बंगाल की खाड़ी में नया मौसम तंत्र सक्रिय हो सकता है।

लखनऊ में भी तीन दिन तक भारी बारिश की उम्मीद नहीं राजधानी में रविवार को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश जरूर हुई, लेकिन इससे उमस और बढ़ गई। हजरतगंज, आलमबाग और पुराने लखनऊ में छिटपुट बरसात के बावजूद शाम तक महज़ 4.8 मिमी वर्षा दर्ज हुई। वहीं अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से अधिक है।

मौसम विभाग का कहना है कि 21 अगस्त से पहले राजधानी में केवल हल्की बूंदाबांदी ही होगी। तब तक लोगों को उमस और चिपचिपी गर्मी झेलनी पड़ेगी।

क्या है हीट इंडेक्स? जब हवा में नमी अधिक होती है तो वास्तविक तापमान से कहीं ज्यादा गर्मी महसूस होती है। इसे ही हीट इंडेक्स या ताप सूचकांक कहते हैं। उदाहरण के तौर पर, यदि तापमान 35 डिग्री है और वातावरण में नमी बहुत कम है तो व्यक्ति को उतनी ही गर्मी महसूस होगी। लेकिन अगर नमी 80-100% तक पहुंच जाए तो वही तापमान 40 डिग्री जैसा महसूस होता है, क्योंकि शरीर से पसीना निकलकर कूलिंग का काम नहीं कर पाता और लोग ज्यादा गर्मी झेलते हैं।

टिप्पणियां


Join our mailing list

bottom of page