लखनऊ: मरीज की मौत के बाद शव न देने पर अस्पताल में हंगामा, सपा विधायक समर्थकों संग पहुंचे; FIR की तैयारी
- संवाददाता

- 20 जन॰
- 1 मिनट पठन

राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार स्थित इकाना मेडिकेयर एंड रिसर्च सेंटर में मरीज की मौत के बाद शव सौंपने को लेकर रविवार रात सपा विधायक ने अपने समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंचकर हंगामा किया। आरोप है कि इस दौरान अस्पताल स्टाफ के साथ अभद्रता भी की गई। अस्पताल प्रबंधन ने मामले में पुलिस को तहरीर दी है, जबकि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
अस्पताल में भर्ती 55 वर्षीय अरबाज गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उन्हें आंत फटने सहित कई अन्य जटिल स्वास्थ्य समस्याएं थीं और वे करीब 25 दिनों से वेंटिलेटर पर थे। रविवार दोपहर उनकी मौत हो गई। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने परिजनों को बताया कि इलाज के एवज में तीन लाख रुपये का बकाया है, जिसके भुगतान के बाद ही शव सौंपा जाएगा।
इसी बात को लेकर रविवार रात करीब 9 बजे सपा विधायक अपने समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंचे और शव रोके जाने का आरोप लगाते हुए जोरदार विरोध किया। हंगामे के बीच बिना बकाया बिल का भुगतान किए ही शव को अस्पताल से ले जाया गया।
अस्पताल के प्रबंध निदेशक डॉ. शिवम कृष्णन ने सपा विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





टिप्पणियां