लखनऊ: बैंक के डिप्टी मैनेजर की संदिग्ध मौत, अवैध पिस्टल से खुद को मारी गोली
- संवाददाता

- 2 दिन पहले
- 2 मिनट पठन

लखनऊ के गुडंबा क्षेत्र के आदिल नगर में सोमवार सुबह एक बैंक डिप्टी मैनेजर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। काजी अहमद जैद (34), जो Axis Bank की इंदिरानगर स्थित भूतनाथ शाखा में तैनात थे, का शव उनके घर की छत पर बने स्टोर रूम के बाहर खून से लथपथ मिला। परिवार के अनुसार, वह रविवार देर रात गोंडा से एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौटे थे और सोने चले गए थे, लेकिन सुबह कमरे में नहीं मिलने पर पत्नी ने तलाश की तो उनका शव छत पर पड़ा मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से अवैध पिस्टल बरामद कर ली है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और मृतक के मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में भी कोई संदिग्ध व्यक्ति घर में आते-जाते नहीं दिखा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली बाईं कनपटी से लगकर दाईं ओर निकलने की पुष्टि हुई है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है, क्योंकि परिजनों का कहना है कि जैद बाएं हाथ से काम नहीं करते थे। वहीं, घर में किसी को गोली चलने की आवाज भी सुनाई नहीं दी।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि जैद पर कुछ समय पहले एक ग्राहक के नाम पर फर्जी दस्तावेज बनाकर लोन लेने का आरोप लगा था, हालांकि बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। फिलहाल पुलिस अवैध पिस्टल के स्रोत, घटनाक्रम और अन्य सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और मामले को संदिग्ध मानते हुए हर एंगल से पड़ताल जारी है।





टिप्पणियां