लखनऊ: दिल्ली से बस छूटने पर युवक ने कंडक्टर पर किया हमला, लूटपाट के आरोप में 9 गिरफ्तार
- संवाददाता

- 28 फ़र॰ 2025
- 2 मिनट पठन
संवाददाता | फरवरी 28, 2025
लखनऊ में बुधवार रात आलमबाग बस स्टेशन के पास बराविरवा नहरिया क्रॉसिंग पर एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर बस कंडक्टर पर चाकू से हमला कर उसे लूट लिया। आरोपी इस बात से नाराज था कि उसकी दिल्ली से लखनऊ जाने वाली बस छूट गई थी।
घटना के 24 घंटे के भीतर 9 आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ पुलिस ने इस मामले में गुरुवार को मल्हौर स्टेशन के पास से 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिणी जोन सर्विलांस सेल और कृष्णानगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह गिरफ्तारी हुई।

मुख्य आरोपी समेत सभी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी शहजाद खान (27), मोहम्मद कादिर (23), फहद खान (23), बादल सिंह (23), अविरल श्रीवास्तव (19), मोहम्मद मुआज (18), मोहम्मद आदिल (27), आदिल उर्फ शीबू (24) और एक 16 वर्षीय नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से लूटा गया मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल चाकू और तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 352, 109(1), 309(4) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बस छूटने से नाराज होकर बनाई साजिश
थाना आशियाना के एसएचओ क्षत्रपाल के अनुसार, मुख्य आरोपी शहजाद खान ने 25 फरवरी को दिल्ली से लखनऊ के लिए बस टिकट बुक किया था। उसका पिकअप प्वाइंट अक्षरधाम मंदिर था, जहां बस ड्राइवर ने उसे 30 मिनट तक इंतजार किया। समय पर न पहुंचने के कारण बस लखनऊ के लिए रवाना हो गई। इससे नाराज होकर शहजाद ने अपने साथियों के साथ मिलकर बस कंडक्टर को सबक सिखाने की योजना बनाई।
घात लगाकर किया हमला
26 फरवरी की रात, शहजाद और उसके 8 साथी बराविरवा नहरिया क्रॉसिंग के पास बस का इंतजार करने लगे। जैसे ही बस वहां पहुंची, आरोपियों ने कंडक्टर अंकित को घेर लिया और चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद उन्होंने उसका मोबाइल फोन लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने 5 टीमें बनाकर आरोपियों को दबोचा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर पांच टीमें गठित कीं। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की और उन्हें मल्हौर स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।





टिप्पणियां