top of page
  • Writer's pictureब्यूरो चीफ

देश में किसान, नौजवान, महिलाएं परेशान : अखिलेश


लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। भाजपा ने आर्थिक संकट पैदा किया है। किसान, नौजवान, महिलाएं सभी परेशान है। भाजपा देश की सरकारी संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। भाजपा सरकार में लोकतंत्र खतरे में है। संविधान विरोधी काम हो रहा है। विपक्ष की आवाज को कुचला जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकारी अराजकता के सबसे बुरे दौर से गुजर रहा है। यूपी में कानून व्यवस्था शून्य है। यूपी में किसी का भी जीवन सुरक्षित नहीं है।

यादव ने कहा कि प्रदेश में हर दिन हत्याएं हो रही है। हर हाल में और हर स्थान पर लोगों के जीवन की रक्षा करना सरकार का पहला दायित्व और कर्तव्य है। लेकिन अगर सरकार लोगों की जिन्दगी की हिफाजत न कर पाए तो उसे सत्ता में रहने का हक नहीं है।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश और देश के हालात बेहद खराब है। भाजपा सरकार तमाम तरह के भ्रष्टाचार में लिप्त है। इलेक्टोरल बांड के नाम पर वसूली कर रही है। देश के इतिहास में पहली बार इस तरह की वसूली हो रही है। वसूली के लिए भाजपा सरकार सरकारी जांच एजेंसियों का प्रयोग कर रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं। भाजपा सरकार नौजवानों को धोखा दे रही है। सरकार प्रतियोगी छात्रों को नौकरी नहीं देना चाहती है। उसकी नीयत नौकरी देने की नहीं है। 2024 का लोकसभा चुनाव विशेष परिस्थितियों का चुनाव है। यह चुनाव देश का संविधान बचाने का चुनाव है। लोकतंत्र बचाने और आरक्षण बचाने का चुनाव है।

यादव ने मतदाताओं का आह्वान किया है कि प्रदेश और देश को बचाने के लिए भाजपा को सरकार से हर हाल में हटाना होगा। भाजपा को हटाने के लिए वोट ही एक रास्ता है। सभी का साथ लेकर सभी के सहयोग से एकजुटता के साथ वोट डाल कर भाजपा को सभी अस्सी सीटों पर हराना जरूरी है। इसके लिए चुनाव में सावधानी, समझदारी और हर स्तर पर सतर्कता होनी चाहिए। भाजपा ने लोगों से झूठे वादे किए। जनता का भरोसा तोड़ा है। भाजपा के अन्याय, अत्याचार, झूठ और भ्रष्टाचार से जनता में भारी आक्रोश है।

अखिलेश यादव ने कहा कि जनता को समाजवादी पार्टी पर भरोसा है। समाजवादी पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ा है। जनता परिवर्तन के लिए तैयार है। लोकसभा चुनाव में पीडीए सहित किसान, नौजवान, महिलाएं, व्यापारी सभी एकजुट होकर समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन के पक्ष में मतदान कर भाजपा को हराकर सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगे।

bottom of page