139 उच्चीकृत केजीबीवी को नए भवनों की सौगात, ब्रजेश पाठक बोले- बीमारू से विकासशील बना उत्तर प्रदेश
- ब्यूरो
- 26 मई
- 2 मिनट पठन

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजधानी लखनऊ में 139 उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) के नवनिर्मित भवनों और अतिरिक्त डॉरमेट्री का लोकार्पण किया। इसके साथ ही 43 मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों और 66 मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट विद्यालयों का शिलान्यास भी किया गया। छात्रों को ड्रेस, स्वेटर, जूते-मोजे, स्कूल बैग और स्टेशनरी खरीदने के लिए 1200 रुपये की राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से उनके माता-पिता या अभिभावकों के खातों में भेजी गई।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी और स्कूल शिक्षा महानिदेशक कंचन वर्मा मौजूद रहे।
"बीमारू से विकासशील बना यूपी" – ब्रजेश पाठकउप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद उत्तर प्रदेश ने बीमारू राज्य की छवि से निकलकर विकास की राह पकड़ी है। अब राज्य में सड़कों, बिजली, पानी, अस्पतालों और कानून व्यवस्था की सराहना पूरे देश में हो रही है। सरकारी स्कूलों की स्थिति में भी बड़ा सुधार हुआ है – पहले जहां केवल 1.12 करोड़ छात्र थे, अब 1.90 करोड़ बच्चे इन स्कूलों में पढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पहले स्कूलों में छात्र संख्या कम थी और शिक्षक नियमित नहीं आते थे। अब बच्चों को बेहतर ड्रेस, गुणवत्तापूर्ण मिड-डे मील और बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल रहा है। केजीबीवी में आवासीय शिक्षा दी जा रही है और छात्राएं हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।
शिक्षा में क्रांति का पर्व – संदीप सिंह
बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल लोकार्पण या शिलान्यास नहीं, बल्कि शिक्षा की क्रांति का उत्सव है। पिछले आठ वर्षों में शिक्षा व्यवस्था को नया रूप दिया गया है। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत 11 हजार करोड़ रुपये के निवेश से 1.32 लाख स्कूलों का कायाकल्प किया गया है।
उन्होंने बताया कि 746 केजीबीवी को कक्षा 12वीं तक उच्चीकृत किया जा रहा है, जिनमें से 683 पहले ही उच्चीकृत हो चुके हैं। इन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, डॉरमेट्री और एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम के साथ आईआईटी गांधी नगर की सहायता से विशेष कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
नवाचार और समर कैंप
राज्य मंत्री ने बताया कि पाठ्यपुस्तकों की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की गई है और 'लर्निंग बाय डूइंग' की नई प्रणाली लागू की गई है। इस वर्ष समर कैंप का भी आयोजन किया गया है, जो 21 मई से 10 जून तक चलेगा और इसमें बच्चों को जीवन कौशल व रचनात्मकता की शिक्षा दी जाएगी।
3276 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात मुख्यमंत्री योगी ने 3276 करोड़ रुपये की विभिन्न शैक्षिक परियोजनाओं का लोकार्पण और शुभारंभ किया। हर जिले में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय खोले जाएंगे। आज 38 जिलों के लिए 447 करोड़ रुपये की लागत से विद्यालयों की आधारशिला रखी गई। इसके साथ ही 66 अभ्युदय विद्यालयों का शिलान्यास भी किया गया, जबकि शेष विद्यालयों को 1.42 करोड़ रुपये की लागत से अपग्रेड किया जाएगा।
コメント