top of page

सपा नेता आजम खां को फिर मिली वाई श्रेणी की सुरक्षा, आठ पुलिसकर्मी रहेंगे निगरानी में

  • लेखक की तस्वीर: संवाददाता
    संवाददाता
  • 13 अक्टू॰
  • 1 मिनट पठन

ree

करीब 23 महीने जेल में रहने के बाद रिहा हुए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां को एक बार फिर वाई श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। इस सुरक्षा व्यवस्था के तहत कुल आठ पुलिसकर्मी उनकी सुरक्षा में तैनात रहेंगे, जिनमें से पांच उनके आवास पर और तीन लगातार उनके साथ रहेंगे।


आजम खां का राजनीतिक सफर लंबा रहा है। वे दस बार विधायक, एक बार लोकसभा सदस्य और एक बार राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं। 2012 से 2017 तक उन्होंने प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य किया। हालांकि, 2019 में भाजपा सरकार बनने के बाद उनके खिलाफ कानूनी मामलों की संख्या तेजी से बढ़ी। उन पर सौ से अधिक मुकदमे दर्ज हुए, जिनमें डूंगरपुर और यतीमखाना बस्ती प्रकरण से जुड़े लूट, डकैती, चोरी, मारपीट और अन्य आरोप शामिल हैं।


23 महीने पहले आजम खां को अपने बेटे के जन्म प्रमाणपत्र से जुड़े एक मामले में सजा सुनाई गई थी, जिसके बाद वे पत्नी डॉ. तजीन फात्मा और बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ जेल गए थे। वर्तमान में तीनों ही जमानत पर हैं। आजम खां को डूंगरपुर केस में भी सजा हो चुकी है।


अब रिहाई के बाद शासन ने उनकी सुरक्षा व्यवस्था को फिर से सक्रिय करते हुए वाई श्रेणी की सुरक्षा बहाल कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आजम खां के आवास पर पांच सुरक्षाकर्मी चौबीसों घंटे तैनात रहेंगे, जबकि तीन गार्ड हर समय उनके साथ मौजूद रहेंगे।

 
 
 

टिप्पणियां


Join our mailing list

bottom of page