विश्व पर्यावरण दिवस पर ऋषिकेश में गोष्ठी आयोजित, विशेषज्ञों ने जताई पर्यावरणीय संकट पर चिंता
- ब्यूरो
- 1 दिन पहले
- 1 मिनट पठन

ऋषिकेश: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वसुंधरा संस्था और ऋषिकेश गंगा आरती ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में पूर्णानंद घाट पर गुरुवार को एक जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में पर्यावरणीय क्षरण को लेकर गंभीर चिंता जताई गई और इसके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए वसुंधरा संस्था की उपाध्यक्ष डॉ. ज्योति शर्मा ने कहा कि तेजी से बिगड़ता पर्यावरण पृथ्वी के अस्तित्व और मानव जीवन के लिए एक गंभीर खतरा बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी नीतिगत और व्यवहारिक कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले समय में इसका असर भयावह हो सकता है। डॉ. शर्मा ने विकास के नाम पर हो रहे अनियंत्रित प्राकृतिक संसाधनों के दोहन को पर्यावरणीय गिरावट का मुख्य कारण बताया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और जनजागरूकता के महत्व को समझा। कार्यक्रम का संचालन आचार्य सोनिया राज द्वारा किया गया। गोष्ठी के समापन पर विशेष गंगा आरती का आयोजन कर प्रकृति के प्रति आस्था और सम्मान व्यक्त किया गया।
Комментарии