लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्रों का परिवर्तन चौक पर धरना, नए यूजीसी बिल के समर्थन में प्रदर्शन
- संवाददाता

- 4 फ़र॰
- 1 मिनट पठन

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नए यूजीसी (विश्वविद्यालय अनुदान आयोग) बिल के समर्थन में शुक्रवार को परिवर्तन चौक पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन शुरू किया। यह आंदोलन छात्र संगठन BAPSA (बिरसा अंबेडकर फुले स्टूडेंट्स एसोसिएशन) के बैनर तले आयोजित किया जा रहा है।
धरने का नेतृत्व कर रहे छात्रों में मानव रावत, अंकित कुमार सहित कई विद्यार्थी शामिल हैं। छात्रों ने साफ किया कि यह सिर्फ प्रतीकात्मक प्रदर्शन नहीं है, बल्कि वे लंबे समय तक आंदोलन चलाने की तैयारी के साथ यहां बैठे हैं। इसी क्रम में प्रदर्शनकारी अपने साथ गद्दे (मैट्रेस) लेकर पहुंचे हैं, ताकि वे लगातार धरने पर डटे रह सकें।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि नया यूजीसी बिल उच्च शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने, शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने और छात्रों के अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है। BAPSA से जुड़े छात्रों ने सरकार से इस बिल को शीघ्र और प्रभावी रूप से लागू करने की मांग की।
धरने के दौरान छात्रों ने हाथों में तख्तियां लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी। प्रशासन की मौजूदगी में प्रदर्शन पूरी तरह अनुशासित और शांतिपूर्ण बना रहा। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो यह आंदोलन और व्यापक रूप ले सकता है।





टिप्पणियां