top of page

नैनीताल में 12 साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद भड़का जनआक्रोश, 18 घंटे तक तनाव, बाजार बंद

  • लेखक की तस्वीर: ब्यूरो
    ब्यूरो
  • 2 मई
  • 2 मिनट पठन

ree

नैनीताल। एक दिल दहला देने वाली घटना के बाद करीब 18 घंटे तक भारी तनाव की गिरफ्त में रहा। बुधवार रात रुकुट कंपाउंड क्षेत्र में 12 साल की एक बच्ची से हुए दुष्कर्म की खबर फैलते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। देर रात तक विरोध प्रदर्शन हुए और तनाव की चिंगारी अगले दिन गुरुवार सुबह और भड़क गई।

घटना के बाद विभिन्न हिंदू संगठनों जैसे भाजपा नगर मंडल, रामसेवा दल, बजरंग दल, शिवसेना के कार्यकर्ता, स्थानीय व्यापारी संगठन और अधिवक्ता सड़कों पर उतर आए। पूरा बाजार बंद रखा गया। प्रदर्शनकारियों ने शहर में जुलूस निकाला और कोतवाली के बाहर धरना शुरू कर दिया। उन्होंने आरोपी को फांसी देने और उसके घर पर बुल्डोजर चलाने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कई बार पुलिस से तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। पुलिस अधिकारियों, विशेष रूप से एसपी अपराध डॉ. जगदीश चंद्रा और सीओ प्रमोद साह ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। अंततः प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई का आश्वासन और आरोपी को जेल भेजे जाने के बाद दोपहर करीब ढाई बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ।

दुष्कर्म के आरोपी ठेकेदार उस्मान के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसमें पॉक्सो एक्ट की धारा 3 और 4 भी शामिल हैं। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण तीन डॉक्टरों के पैनल द्वारा कराया गया और बयान न्यायालय में दर्ज कराए गए। रिपोर्ट अदालत को सौंप दी गई है, हालांकि अभी तक इसे सार्वजनिक नहीं किया गया है।

गुरुवार को उस्मान को कड़ी सुरक्षा के बीच हल्द्वानी की पॉक्सो कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपी पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने किसी तरह हालात को संभाला। न्यायालय ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

इस घटना और उसके बाद उपजे तनाव का शहर के पर्यटन कारोबार पर गंभीर असर पड़ा है। डरे हुए पर्यटक समय से पहले लौट गए और होटलों में की गई कई बुकिंग रद्द हो गईं। एहतियातन गुरुवार को शहर के अधिकांश स्कूल भी बंद रहे।

टिप्पणियां


Join our mailing list

bottom of page