top of page

जून में भी राहतभरा मौसम, तापमान सामान्य से नीचे; आज हल्की बारिश के आसार, कल से फिर बढ़ेगी गर्मी

  • लेखक की तस्वीर: संवाददाता
    संवाददाता
  • 1 दिन पहले
  • 1 मिनट पठन



देहरादून: जून की शुरुआत भी मई की तरह राहतभरी रही। पहाड़ों में बर्फबारी और प्री-मानसून बारिश के चलते प्रदेशभर में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है। बुधवार की बारिश के असर से बृहस्पतिवार को भी तापमान में गिरावट देखी गई। देहरादून का अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री दर्ज हुआ, यह सामान्य से चार डिग्री नीचे रहा।

सुबह की धूप, शाम की फुहारें

गुरुवार को सुबह मौसम खुला और तेज धूप निकली, जिससे दिन में कुछ गर्मी महसूस हुई। हालांकि शाम को अचानक बदले मौसम के साथ हवाओं और हल्की बूंदाबांदी ने वातावरण को फिर से ठंडा और सुहावना बना दिया। मौसम विभाग ने इसका कारण जलवायु परिवर्तन और प्री-मानसून गतिविधियों को बताया है, जो तापमान में असामान्य गिरावट का कारण बन रही हैं।

आज बादलों की आंशिक मौजूदगी, हल्की बारिश की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शुक्रवार को दून में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि शेष जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।

शनिवार से बदलेगा मिजाज, लौटेगी गर्मी

पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार से मौसम साफ हो जाएगा और मैदानी इलाकों में तेज धूप के साथ गर्मी अपने तेवर दिखाएगी। सात से दस जून तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, 11 जून को एक बार फिर मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं, जिससे फिर से वर्षा की संभावना बन सकती है।

Comments


Join our mailing list

bottom of page