छात्राओं से मारपीट के आरोप में विद्यालय की वार्डन और दो शिक्षिकाओं पर एफआईआर, अभिभावकों का हंगामा
- संवाददाता

- 3 मई 2025
- 1 मिनट पठन

उत्तराखंड के कालसी क्षेत्र स्थित ग्राम कोरूवा के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में छात्राओं से मारपीट का मामला अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। स्कूल की वार्डन और दो शिक्षिकाओं के खिलाफ पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना की शुरुआत 24 अप्रैल को हुई, जब कई छात्राओं ने वार्डन और विद्यालय स्टाफ पर शारीरिक उत्पीड़न के आरोप लगाए। आरोपों के सामने आने के बाद विद्यालय में हड़कंप मच गया और अगले ही दिन गुस्साए अभिभावकों ने विद्यालय परिसर में पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। मामला इतना बढ़ा कि कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर जाम लगाकर लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
इस बीच शिक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विद्यालय की वार्डन दीपमाला रावत को पद से हटाकर मुख्यालय से संबद्ध कर दिया और वार्डन का जिम्मा अस्थायी रूप से राजकीय इंटर कॉलेज की एक शिक्षिका को सौंप दिया गया।
कालसी निवासी राकेश तोमर ने थाने में लिखित शिकायत दी कि उनकी पोती के साथ वार्डन दीपमाला रावत, शिक्षिका ज्योति और रोशनी ने न केवल मारपीट की, बल्कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी चंद्रशेखर नौटियाल के अनुसार, तीनों आरोपितों पर उचित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है और मामले की गहन जांच जारी है। प्रशासन ने यह भी आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





टिप्पणियां