top of page

चारधाम यात्रा का शुभारंभ: मुख्यमंत्री धामी ने बसों को दिखाई हरी झंडी, तीर्थयात्रियों ने चखा गढ़वाली व्यंजनों का स्वाद

  • लेखक की तस्वीर: ब्यूरो
    ब्यूरो
  • 3 मई 2025
  • 1 मिनट पठन



उत्तराखंड की बहुप्रतीक्षित चारधाम यात्रा का शनिवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्रांजिट कैंप से तीर्थयात्रियों की बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और इस पावन यात्रा की शुरुआत की घोषणा की। इस मौके पर यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं और अन्य अतिथियों को पारंपरिक गढ़वाली भोजन ‘गढ़भोज’ परोसा गया, जिसमें विशेष रूप से भड्डू की दाल और भात ने सभी का दिल जीत लिया।

मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चारधाम यात्रा आधिकारिक रूप से शुरू हो चुकी है और कल (रविवार) को बदरीनाथ धाम के कपाट भी भक्तों के लिए खोल दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यात्रा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और राज्य सरकार तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को दोहराते हुए देशवासियों से आग्रह किया कि वे चारधाम यात्रा के दौरान अपने कुल यात्रा बजट का कम से कम 5 प्रतिशत हिस्सा स्थानीय उत्पादों की खरीद पर खर्च करें, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की, जबकि पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम और सुरक्षित रह सके।

टिप्पणियां


Join our mailing list

bottom of page