ब्यूरो | फरवरी 15, 2025
देहरादून। 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए राज्य को पदक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंचा दिया। प्रदेश के खिलाड़ियों ने कुल 103 पदक (24 स्वर्ण, 35 रजत, 44 कांस्य) जीतकर नया कीर्तिमान रचा। अब राज्य सरकार ने इन पदक विजेताओं को प्रोत्साहित करने के लिए 8.32 करोड़ रुपये की इनामी राशि देने का फैसला किया है।

सरकार ने पूरा किया दोगुना इनाम देने का वादा
राष्ट्रीय खेलों से पहले उत्तराखंड सरकार ने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई के लिए पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि दोगुनी करने की घोषणा की थी। अब इस वादे को पूरा करते हुए स्वर्ण पदक विजेताओं को 12 लाख रुपये, रजत पदक विजेताओं को 8 लाख रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को 6 लाख रुपये दिए जाएंगे।
उत्तराखंड के इतिहास का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
इस बार उत्तराखंड ने राष्ट्रीय खेलों के इतिहास में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। प्रदेश के कई खिलाड़ियों ने रिकॉर्ड तोड़ उपलब्धियां हासिल कीं।
पेंटाथलॉन में सक्षम सिंह और ममता खाती ने तीन-तीन स्वर्ण पदक जीते।
एथलेटिक्स में अंकिता ध्यानी और कायकिंग में पी. सोनिया ने दो-दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
बैडमिंटन और एथलेटिक्स में कई खिलाड़ियों ने एक से अधिक पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी भी मिलेगी
प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को न केवल आर्थिक प्रोत्साहन दे रही है, बल्कि उन्हें सरकारी सेवाओं में शामिल करने की नीति भी लागू कर चुकी है। सरकार की इन नीतियों से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है, जिसका परिणाम राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन के रूप में सामने आया है।
उत्तराखंड सरकार की इस घोषणा से निश्चित रूप से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी।
Comments