top of page

यूपी में मौसम में बदलाव: कोहरा छटेगा, रात की ठंड बढ़ेगी

  • लेखक की तस्वीर: संवाददाता
    संवाददाता
  • 25 जन॰
  • 2 मिनट पठन

संवाददाता | जनवरी 25, 2025


लखनऊ | उत्तर प्रदेश में आज से मौसम में बदलाव की शुरुआत होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के बाद अब प्रदेश में उत्तरी पछुआ हवाएं सक्रिय हो गई हैं। इन हवाओं के चलते कोहरे और धुंध में कमी आएगी, लेकिन रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे ठंड बढ़ेगी।

मौसम में बदलाव

गणतंत्र दिवस तक मौसम में होगा बड़ा बदलाव

मौसम विभाग के अनुसार, गणतंत्र दिवस तक प्रदेश के मौसम में स्थायित्व देखने को मिलेगा। लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल प्रदेश में कोई बड़ा वेदर सिस्टम सक्रिय नहीं है। उत्तरी पछुआ हवाओं के कारण कोहरे का प्रभाव धीरे-धीरे कम होगा, जिससे अधिकांश जिलों में दिन में धूप निकलने की संभावना है।


15 जिलों में कोहरे की चेतावनी

शनिवार के लिए मौसम विभाग ने तराई क्षेत्र के 15 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। शुक्रवार को अयोध्या, अमेठी और आजमगढ़ में घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य हो गई थी।


आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच और अंबेडकरनगर समेत तराई के जिलों में रात के समय घने कोहरे और ठंडी पछुआ हवाओं का असर रहेगा। इन इलाकों में अगले कुछ दिनों तक सुबह-शाम हल्के से मध्यम कोहरे के साथ ठंड का प्रकोप जारी रहेगा।


दिन-रात के तापमान में अंतर

फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जबकि कानपुर 26 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में दिन का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है, जिससे दिन में धूप की गर्मी महसूस की जा रही है।


मौसम के इस बदलाव के बीच, अगले कुछ दिनों तक दिन में धूप का आनंद लिया जा सकता है, लेकिन रात की ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहना जरूरी है।


Opmerkingen


Join our mailing list

bottom of page