यूपी में मौसम फिर बदलेगा, 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; कई जगह वज्रपात की आशंका
- ब्यूरो

- 11 सित॰ 2025
- 1 मिनट पठन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के तराई इलाकों में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए पूर्वी तराई के 11 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसूनी ट्रफ लाइन ने दोबारा यूपी की ओर रुख किया है। इसके असर से कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर समेत गोरखपुर, संतकबीर नगर, बस्ती, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच और लखीमपुर खीरी में अगले दो दिनों तक मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वैज्ञानिकों ने इन इलाकों में वज्रपात की संभावना भी जताई है।
बुधवार को प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों, तराई और अवध क्षेत्र (बाराबंकी सहित) में हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि ट्रफ लाइन के सक्रिय रहने से तराई क्षेत्रों में कुछ दिनों तक रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहेगा।
हालांकि राजधानी लखनऊ में मौसम ने यूटर्न ले लिया है। बुधवार को दिन चढ़ने के साथ घने बादल छंट गए और तेज धूप व उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। अधिकतम तापमान 1.1 डिग्री बढ़कर 35.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री बढ़कर 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। नमी की अधिकता के कारण गर्मी का अहसास और तेज हो गया।
मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि लखनऊ और आसपास के इलाकों में अगले तीन दिन तक बारिश की संभावना कम है और मौसम शुष्क बना रहेगा।





टिप्पणियां