यूपी में गर्मी का कहर: झांसी-आगरा में पारा 45 पार, दिन के साथ अब रातें भी तपेंगी
- ब्यूरो
- 3 दिन पहले
- 2 मिनट पठन

उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। प्रदेश के बुंदेलखंड, आगरा मंडल और एनसीआर क्षेत्र के जिले सोमवार को प्रचंड गर्मी का सामना करते रहे। झांसी और आगरा में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है।
लू और 'वार्म नाइट' का दोहरा संकट
भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए मंगलवार के लिए यूपी के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। झांसी, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा और ललितपुर सहित लगभग 12 जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है। साथ ही इन जिलों में रातें भी बेहद गर्म रहेंगी, जिसे 'वार्म नाइट' की स्थिति कहा जाता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करीब 25 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
22 जिलों में 40 डिग्री पार, राहत की फिलहाल कोई उम्मीद नहीं
सोमवार को राज्य के 22 से अधिक जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को भी स्थिति में कोई राहत नहीं मिलेगी और तापमान कई जिलों में 40 डिग्री से ऊपर बना रहेगा।
राजधानी लखनऊ में भी बढ़ा पारा, उमस ने किया बेहाल
लखनऊ में सोमवार को लगातार दूसरे दिन उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया। अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक रहा। पूर्वी हवाओं की वजह से वातावरण में नमी बढ़ गई, जिससे उमस ने हालात और भी खराब कर दिए। गर्मी इतनी तीव्र रही कि दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा, और कूलर-पंखे भी राहत देने में असफल रहे।
जल्द आ सकता है हल्का बदलाव, बूंदाबांदी की उम्मीद
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 11 जून के बाद बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नमी के प्रभाव से पूर्वांचल और अन्य भागों में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। 11 और 12 जून को आंशिक बादल छाने और छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना जताई जा रही है, जो गर्मी से कुछ राहत दे सकती है।
Comments