top of page

मिल्कीपुर उपचुनाव: भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर, 8 मंत्री और 40 विधायक आज झोंकेंगे पूरा दम

लेखक की तस्वीर: ब्यूरोब्यूरो

ब्यूरो | फरवरी 3, 2025


मिल्कीपुर | अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए सोमवार को प्रचार का अंतिम दिन है, और भाजपा ने इसे पूरी प्रतिष्ठा से जोड़ लिया है। पार्टी ने 8 कैबिनेट मंत्रियों और 40 विधायकों को मैदान में उतारते हुए हर घर तक पहुंचने की रणनीति बनाई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी खुद आज मिल्कीपुर पहुंचकर कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे और प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे।

 
मिल्कीपुर उपचुनाव: भाजपा
 

लोकसभा हार के बाद भाजपा का बड़ा दांव

2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद भी फैजाबाद सीट समाजवादी पार्टी के अवधेश प्रसाद से हार गई थी, जिसे सपा ने अपनी बड़ी जीत के तौर पर प्रचारित किया। अवधेश प्रसाद के इस्तीफे से खाली हुई इस सीट पर अब उनके बेटे सपा के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में भाजपा इस हार का बदला लेने और अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है।


भाजपा के बड़े नेताओं की सघन रणनीति

भाजपा के कई मंत्री और विधायक पिछले कुछ दिनों से मिल्कीपुर में डेरा डाले हुए हैं। इनमें कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, खाद्य एवं रसद मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, संसदीय कार्य राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह और आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालू प्रमुख रूप से शामिल हैं।


वंचित समाज और महिला मतदाताओं पर भाजपा का फोकस

मिल्कीपुर सुरक्षित सीट होने के कारण भाजपा ने समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण को भी प्रचार में उतारा है। वे वंचित समाज से संपर्क कर भाजपा के लिए समर्थन जुटा रहे हैं। वहीं, महिला मतदाताओं को साधने के लिए भाजपा महिला मोर्चा की टीम भी लगातार घर-घर संपर्क अभियान चला रही है।


हर घर तक पहुंचेगी भाजपा, मतदाता पर्ची के साथ मांगे जाएंगे वोट

पार्टी ने बूथ कमेटियों को भी सक्रिय कर दिया है, जो मतदाता पर्ची बांटने के साथ ही घर-घर जाकर भाजपा के पक्ष में वोट डालने की अपील कर रही हैं। प्रचार के आखिरी दिन भाजपा पूरी ताकत झोंकते हुए हर हाल में यह सीट जीतने की रणनीति पर काम कर रही है।

 


Comments


Join our mailing list

bottom of page