संवाददाता | फरवरी 3, 2025 प्रयागराज | महाकुंभ में शामिल होने के लिए देशभर से श्रद्धालु प्रयागराज, वाराणसी और अयोध्या पहुंच रहे हैं। जहां शासन-प्रशासन और सामाजिक संगठन यात्रियों को आश्रय और भोजन उपलब्ध करा रहे हैं, वहीं कुछ ऑटो और ई-रिक्शा चालकों द्वारा श्रद्धालुओं से मनमाना किराया वसूले जाने की शिकायतें सामने आई थीं।
इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए परिवहन प्रशासन और पुलिस विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर 22 वाहनों को सीज कर दिया, जबकि 35 वाहनों का चालान किया गया।

यात्रियों की सुविधा के लिए जारी रहेगा अभियान
परिवहन और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। अगर कोई ऑटो या ई-रिक्शा चालक निर्धारित किराए से अधिक वसूलता पाया गया तो उसके वाहन का परमिट और लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों की सख्त निगरानी
इस अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुधांशु रंजन, राजकुमार, अखिलेश पांडेय, पुलिस विभाग के अनुराग त्यागी और यातायात निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, रिक्शा और ई-रिक्शा यूनियन के पदाधिकारियों ने चालकों से निर्धारित किराए पर ही यात्रियों को सेवाएं देने की अपील की है।
श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक यात्रा के सुचारू संचालन के लिए प्रशासन हर संभव सख्त कदम उठाने के लिए तैयार है।
Comments