top of page

पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष पर हमला, तीन युवक हिरासत में, दो बाइक सीज

  • लेखक की तस्वीर: संवाददाता
    संवाददाता
  • 13 जून 2025
  • 1 मिनट पठन

श्रीनगर (गढ़वाल)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष और पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. उत्तम भंडारी पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। यह घटना उस समय हुई जब डॉ. भंडारी अपने बेटे के साथ कार से श्रीनगर की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि बांसवाड़ा क्षेत्र के एजेंसी मोहल्ला में पीछे से बाइक टकराने के बाद मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया।

घटना का विवरण: गुरुवार शाम करीब चार बजे डॉ. भंडारी की कार को एक बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी। इस टक्कर के बाद शुरू हुई बहस जल्द ही मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार युवकों ने झुंड बनाकर डॉ. भंडारी पर हेलमेट और डंडों से हमला कर दिया, जिससे उन्हें चेहरे पर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव किया और आरोपियों को पकड़ लिया।

स्थानीयों में आक्रोश: घटना के बाद डॉ. भंडारी और स्थानीय लोग आरोपियों को लेकर कोतवाली पहुंचे। इस दौरान श्रीनगर के निवासियों ने बाहरी यात्रियों के अराजक व्यवहार पर कड़ा विरोध जताया और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। कुछ देर बाद आरोपियों के अन्य साथी भी कोतवाली परिसर के बाहर आ गए, जिन्हें गुस्साई भीड़ ने घेर लिया। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए युवकों को भीड़ से बचाकर कोतवाली के भीतर ले जाया।

पुलिस की कार्रवाई: कोतवाली निरीक्षक जयपाल सिंह नेगी ने बताया कि हरियाणा के पानीपत से आए तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है, जबकि उनकी दो बाइकों को सीज कर दिया गया है। डॉ. भंडारी की तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई जारी है।

टिप्पणियां


Join our mailing list

bottom of page