top of page

उत्तराखंड बजट सत्र का दूसरा दिन: प्रश्नकाल में सरकार को घेरेगा विपक्ष, यूसीसी समेत चार अध्यादेश सदन में पेश होंगे

  • लेखक की तस्वीर: ब्यूरो
    ब्यूरो
  • 10 मार्च
  • 2 मिनट पठन

उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र का आज दूसरा दिन है, जिसमें प्रश्नकाल के दौरान विधायकों के सवालों से सदन में तीखी बहस होने के आसार हैं। पहले दिन मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए 1,11,703.21 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था, जो मौजूदा वित्तीय वर्ष की तुलना में करीब 10.41 प्रतिशत अधिक है।


मंगलवार को सत्र के दूसरे दिन प्रश्नकाल के साथ ही आर्थिक सर्वेक्षण की रिपोर्ट और सीएजी की सात रिपोर्ट सदन के पटल पर रखी जाएंगी। इसके अलावा समान नागरिक संहिता (UCC) सहित चार अध्यादेश भी सदन में पेश किए जाने की संभावना है।


सत्र के पहले दिन विपक्ष ने सदन के अंदर और बाहर जोरदार हंगामा किया था। सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर विपक्ष ने सदन से वॉकआउट भी किया और विधानसभा परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। ऐसे में दूसरे दिन भी सरकार और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक होने की संभावना जताई जा रही है।


नेता प्रतिपक्ष Yashpal Arya ने कहा कि विपक्ष चाहता है कि बजट सत्र सुचारु रूप से चले, लेकिन सरकार विपक्ष के सवालों से बचना चाहती है। उन्होंने कहा कि जब भी विपक्ष को अवसर मिलेगा, वह सरकार से जवाब जरूर मांगेगा।


उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति ठीक नहीं है। कई स्कूलों में शिक्षकों की कमी है, जबकि अस्पतालों में डॉक्टरों के पद खाली पड़े हैं। साथ ही सरकार द्वारा जमीनों पर काबिज लोगों को हटाने की कार्रवाई पर भी विपक्ष सवाल उठाना चाहता है।


यशपाल आर्य ने कहा कि पंचम विधानसभा में अब तक केवल नौ सत्र ही आयोजित किए गए हैं। विपक्ष चाहता है कि सत्र नियमित रूप से चले और इसके संचालन में वह सरकार को पूरा सहयोग देने के लिए तैयार है।

टिप्पणियां


Join our mailing list

bottom of page