top of page

आगरा एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा: दिल्ली से बिहार जा रही बस पलटी, 12 यात्री घायल; चालक-परिचालक मौके से फरार

  • लेखक की तस्वीर: संवाददाता
    संवाददाता
  • 24 अक्टू॰
  • 1 मिनट पठन

ree

लखनऊ। आगरा एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। दिल्ली के आनंद विहार से बिहार के मुजफ्फरपुर जा रही एक वातानुकूलित बस काकोरी क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा सुबह करीब साढ़े चार बजे मेहंदी नगर गांव के सामने अंडरपास के पास, टोल प्लाजा से लगभग दो किलोमीटर पहले हुआ। बस में सवार करीब 50 यात्रियों में से 12 लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही एसीपी शकील अहमद और इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड कर्मियों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

घायलों को तत्काल काकोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सागर कुमार यादव (21), निवासी गया, बिहार को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। अन्य 11 यात्रियों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। इनमें राजा कुमार (25), बद्री शाह (55), ममता कुमारी (30), आरव (11), प्रीति (24), विक्की कुमार (22), रोशनी विक्की (20), अरविंद कुमार (34), राकेश (36), काजल (31) और नरेश कुमार मिश्रा (61) शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, सभी यात्रियों को बस कंपनी की दूसरी गाड़ी से सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए भेज दिया गया। हादसे के बाद क्रेन की मदद से बस को सड़क से हटाया गया। एसीपी शकील अहमद ने बताया कि फिलहाल किसी यात्री की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन बस चालक और परिचालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

टिप्पणियां


Join our mailing list

bottom of page